पंजाब की पूर्व कैबिनेट मंत्री लक्ष्मी कांत चावला ने ट्रेन की अव्यवस्था को लेकर मोदी सरकार और रेल मंत्री पियूष गोयल पर नाराज़गी ज़ाहिर की है| लक्ष्मी कांत चावला ने ट्रेन में सफ़र के दौरान एक विडियो क्लिप बनाया जिसमें उन्होंने ट्रेन की अव्यवस्थाओं को उजागर किया है| उनका यह विडियो बुधवार को सोशल मीडिया पर वायरल हुआ| वीडियो में उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और रेल मंत्री पीयूष गोयल से नाराजगी जाहिर करते हुए शिकायत की|
खबर के मुताबिक, लक्ष्मी कांत की ट्रेन 9 घंटे लेट थी और ट्रेन में टॉयलेट की व्यवस्था बेहद खराब थी| इसी कारण वे नाराज थीं| वे अमृतसर सरयू यमुना एक्सप्रेस रेलगाड़ी से अमृतसर से अयोध्या जा रही थीं| वीडियो में लक्ष्मी कांत कहा रही हैं, ‘मैं आपसे विनती करती हूं रेल के यात्रियों पर दया कीजिए| हम यहां 24 घंटों से परेशान हैं| भगवान के लिए फिलहाल बुलेट ट्रेन को भूल जाइए और जो व्यवस्था पहले से है उसे दुरुस्त कीजिए| उन्होंने आगे कहा कि हमने इसकी शिकायत के लिए पीयूष गोयल को मेल किया और 139 के हेल्पलाइन पर भी कॉल किया लेकिन कोई मदद नहीं मिली| उन्होंने कहा कि रेल मंत्री को खुद रेल में आम लोगों की तरह सफर करके देखना चाहिए ताकि उन्हें सही हालातों की जानकारी मिल सके| रेलवे के लिए किसी तरह के कोई अच्छे दिन नहीं आए हैं”|
भारतीय जनता पार्टी की बुजुर्ग नेता और पंजाब की पूर्व मंत्री लक्ष्मीकांता चावला ने कहा, ‘मैं सरयू-यमुना एक्सप्रेस से सफर कर रही हूं| मुझे ट्रेन में 24 घंटे से आठ घंटे अधिक (32) घंटे हो चुके हैं| उन्होंने आगे कहा, ‘मोदीजी जनता दुखी है| किनके अच्छे दिन आए, हमें नहीं मालूम लेकिन निश्चित तौर पर आम लोगों, गरीबों और बेरोजगारों के लिए अच्छे दिन नहीं आए| मैंने खुद देखा है कि इंजीनियरिंग डिप्लोमाधारी युवा छोटे-छोटे काम कर रहे हैं| आपने उनको क्या दिया”?
उन्होंने पीयूष गोयल की भी आलोचना की और कहा कि ट्रेन में यात्रियों के ट्वीट करने पर यात्रा कर रहे बच्चों के लिए दूध की व्यवस्था करने और बीमार लोगों के लिए डॉक्टर भेजने की बात महज प्रचार का साधन है| चावला ने कहा, ‘मैं रेलवे हेल्पलाइन 138 और 139 पर डॉयल रही हूं और आपको (गोयल) ईमेल भेजा है लेकिन हमारी तकलीफ सुनने वाला कोई नहीं है| ट्रेन में खाना नहीं है| सीट टूटी हुई है| शौचालय की सीट गंदी है| दरवाजे काफी मुश्किल से खुलते हैं|
भाजपा ने दी सफाई
इस वीडियो को लेकर भाजपा की ओर से सफाई भी पेश की गई है| पंजाब में भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष और राज्यसभा के सांसद श्वेत मलिक वे कहा कि लक्ष्मी कांत मेरी मां समान हैं तो उनकी बनाई वीडियो पर टिप्पणी नहीं करूंगा लेकिन पीएम मोदी की सरकार ने रेल्वे के विकास के लिए 200 करोड़ रुपए खर्च करे हैं| कांग्रेस ने सिस्टम में जो बर्बादी की है उसे ठीक करने में वक्त तो लगेगा ही|

