पिछले साल 3 दिसंबर को बुलंदशहर में भड़की हिंसा में पुलिस निरक्षक सुबोध कुमार सिंह पर कुल्हाड़ी से हमला करने के आरोप में एक शख्स को गिरफ्तार किया है| पुलिस के एक अधिकारी ने मंगलवार को बताया कि आरोपी कलुआ को सोमवार रात एक बस स्टैंड से गिरफ्तार किया गया| इसी के साथ इस मामले में गिरफ्तार किए गए आरोपियों की संख्या 30 हो गई है|
कलुआ ने पुलिस को बताया कि तीन दिसंबर को वह सड़क को अवरूद्ध करने के लिए पेड़ गिरा रहा था लेकिन पुलिस निरीक्षक ने उसे ऐसा करने से रोका तो उसने अधिकारी पर कुल्हाड़ी से हमला कर दिया| पुलिस ने 27 दिसंबर को प्रशांत नट को गिरफ्तार किया था| उसने कुल्हाड़ी से हमले के बाद सुबोध कुमार सिंह की कथित रूप से गोली मारकर हत्या कर दी थी| भीड़ की हिंसा और गो हत्या के मामले में 18 दिसंबर को पांच लोगों को गिरफ्तार किया गया था|
Related Article:बुलंद शहर हिंसा में अब तक हुई 3 लोगों की गिरफ़्तारी, 25 जगहों पर हुई पुलिस की छापेमारी
इंस्पेक्टर पर हुआ था कुल्हाड़ी से वार:बुलंदशहर के एसपी सिटी अतुल कुमार श्रीवास्तव के मुताबिक इसी बीच वहां मौजूद इंस्पेक्टर सुबोध कुमार सिंह की नजर एक शख्स पर पड़ी जो पेड़ काटकर उसे सड़क पर गिराने की कोशिश कर रहा था ताकि रास्ता जाम किया जा सके| इंस्पेक्टर सुबोध कुमार सिंह ने उसे रोकने की कोशिश की| इसी पर पेड़ काट रहे शख्स और भीड़ ने इंस्पेक्टर सुबोध पर कुल्हाड़ी, डंडे और पत्थर से वार करना शुरू कर दिया| सुबोध कुमार सिंह ने खुद को फंसता देख सर्विस रिवाल्वर से हवा में फायरिंग की लेकिन इसी बीच आरोप है कि प्रशांत नट ने सुबोध कुमार सिंह को पीछे से धक्का देकर नीचे गिरा दिया और उनकी रिवाल्वर छिनकर गोली मार दी|
प्रशांत नट ने इंस्पेक्टर की सर्विस रिवाल्वर से हत्या की थी: पुलिस:पुलिस के मुताबिक हिंसा के दौरान चिंगरावठी गांव के रहने वाले प्रशांत नट ने ही अपने साथियों के साथ मिलकर पहले इंस्पेक्टर सुबोध सिंह की सर्विस रिवाल्वर छिनी उसके बाद गोली मारकर उनकी हत्या कर दी थी| पुलिस के मुताबिक जांच के दौरान हाथ लगे एक वीडियो के बाद ही प्रशांत नट की पहचान हुई थी| गिरफ्तारी से बचने के लिए प्रशांत नट लगातार अपने ठिकाने बदल रहा था लेकिन गुरुवार को ग्रेटर नोएडा के कासना इलाके से उसे गिरफ्तार कर लिया गया| हालांकि, पकड़े जाने के बाद प्रशांत नट खुद पर लगे इंस्पेक्टर सुबोध सिंह की हत्या के आरोप को गलत ठहरा रहा है|
Related Article:बुलंदशहर हिंसा: कौन है मुख्य आरोपी योगेश राज, बजरंग दल से क्या रिश्ता
जांच के दौरान पकड़े गए आरोपियों और मौके पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज के आधार पर पुलिस प्रशांत नट तक पहुंची और कासना इलाके से गिरफ्तार किया गया| जांच के दौरान बुलंदशहर पुलिस इंस्पेक्टर सुबोध के कातिल को लेकर मौका-ए-वारदात पर भी गई जहां पुलिस ने क्राइम सीन का रिकंस्ट्रक्शन भी किया|
बता दें, जिले के महवा गांव के पास एक खेत में गाय का शव मिलने के बाद हिंसा भड़क गई थी| हिंसा में निरीक्षक और एक युवक की मौत हो गई थी| चिंग्रावती पुलिस चौकी पर हिंसा के बाबत स्याना थाने में 27 नामजद और 50-60 अज्ञात लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई थी| प्राथमिकी में नामजद एक मुख्य संदिग्ध बजरंग दल का स्थानीय नेता योगेश राज है| वह अब भी फरार है जबकि सेना के जवान जितेंद्र मलिक को गिरफ्तार कर लिया गया है और वह हिरासत में है|

