
कांग्रेस राहुल गांधी ने सोमवार को बड़ा चुनावी वादा करते हुए देश के 20 फीसदी सबसे गरीब लोगों को हर साल 72 हजार रुपए देने का एलान किया था| आज उसी न्यूनतम आय योजना को लेकर कांग्रेस ने एक और बड़ी घोषणा की है|
कांग्रेस प्रवक्ता रणदीप सुरजेवाला ने आज प्रेस कॉन्फ्रेस कर बताया कि न्यूनतम आय योजना के तहत दी जानेवाली 72 हजार रुपए की रकम सीधे घऱ की महिलाओं के खाते में डाले जाएंगे| कांग्रेस ने अपनी इस योजना को महिला केंद्रित योजना बताया है| इसके साथ ही कांग्रेस ने प्रधानमंत्री मोदी को पाखंडी बताते हुए गरीब विरोधी होने का आरोप भी लगाया|
कांग्रेस प्रवक्ता रणदीप सुरजेवाला ने कहा, ‘हम साफ करना चाहते हैं कि ये टॉप उप स्कीम नहीं है| हर परिवार को 72,000 रुपया प्रतिवर्ष मिलेगा| ये महिला केंद्रित स्कीम है| ये 72,000 रुपए कांग्रेस पार्टी घर की गृहणी के खाते में जमा करवाएगी| यह स्कीम शहरों और गांवों पूरे देश के गरीबों पर ये योजना लागू होगी|’
इसके साथ ही सुरजेवाला ने कहा की गरीब विरोधी नरेंद्र मोदी और उनकी सरकार न्याय स्कीम का विरोध कर रहे हैं| हम 130 करोड़ देशवासियों की ओर से आपसे पूछना चाहते कि आप इस स्कीम के पक्ष में हैं या विरोधी हैं| पाखंडी मोदी जी अपने मित्रों और पूंजिपातियों का तीन लाख सत्रह हजार करोड़ माफ करते हैं लेकिन 20% गरीबी को 72,000 रुपए देने में आपको तकलीफ क्यों हैं|
सुरजेवाला ने कहा ये भी कहा, ‘पाखंडी मोदी ये बता दीजिए कि आपके संरक्षण में बैंकों के भगोड़े देश की कमाई लेकर विदेश भाग सकते हैं लेकिन आपको गरीबों को 72,000 रुपया देने में पीड़ा है| पाखंड और ढोंग का लबादा पहने मोदी जी को देश को बताएं कि 89 विदेश दौरों पर देश का 2010 करोड़ और अपने प्रचार प्रसार पर 5000 करोड़ तो खर्च कर सकते हैं लेकिन गरीब परिवार को 72,000 देने में पीड़ा क्यों हैं|’
इससे पहले कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने बड़ा ऐलान करते हुए कहा था कि उनकी पार्टी की सरकार बनने पर देश के हर गरीब परिवार को सालाना 72 हजार रुपये दिए जायंगे| कांग्रेस की कार्य समिति की बैठक के बाद गांधी ने संवाददाताओं से कहा था, ‘पिछले पांच वर्षों में देश की जनता को बहुत मुश्किलें सहनी पड़ी हैं| हमने निर्णय लिया और हम हिंदुस्तान के लोगों को न्याय देने जा रहे हैं| यह न्याय न्यूनतम आय गारंटी है| ऐसी योजना दुनिया में कहीं नहीं है|
गांधी ने कहा कि हम 12000 रुपए महीने की आय वाले परिवारों को न्यूनतम आय गारंटी देंगे| कांग्रेस गारंटी देती है कि वह देश में 20 फीसदी सबसे गरीब परिवारों में से प्रत्येक को हर साल 72000 रुपए देगी| यह पैसा उनके बैंक खाते में सीधा डाल दिया जाएगा|
राहुल ने आगे ये भी कहा, ‘अगर मोदी जी सबसे अमीर लोगों को पैसा दे सकते हैं तो कांग्रेस भी सबसे गरीब लोगों को पैसा देगी|’ इसे दुनिया की सबसे बड़ी न्यूनतम आय योजना करार देते हुए उन्होंने कहा कि यह गरीबी पर आखिरी हमला है| यह योजना चरणबद्ध तरीके से चलाई जाएगी| यह बहुत ही प्रभावशाली और सोची समझी योजना है| हमने योजना पर कई अर्थशास्त्रियों से विचार विमर्श किया है| गांधी ने कहा कि पूरा आकलन कर लिया गया है| उन्होंने कहा कि इससे पांच करोड़ परिवार यानी 25 करोड़ लोगों को फायदा होगा|