
केरल में पिछले दो हफ़्तों से जारी बारिश और बाढ़ की वजह से मृतकों की संख्या 97 से बढ़कर 167 हो गई है| मुसलाधार बारिश और बाढ़ के कारण केरल के 14 ज़िलें बुरी तरह प्रभावित हुए है|
भारी बारिश और लैंड स्लाइड के चलते राहत और बचाओ टीम कार्य में जुटीं है|वहीँ करीब 1.65 लाख लोगों को 1,155 राहत शिवरों में भेजा गया है|राज्य में 14 में से 13 जिलों में रेड अलर्ट जारी कर दिया गया है| बारिश की वजह से यातायात व्यवस्था भी प्रभावित हुई है| केरल जाने वाली कई ट्रेनों को रद्द कर दिया गया है वहीँ, पानी भरने के कारण कोच्ची एअरपोर्ट को 26 अगस्त तक के लिए बंद कर दिया गया है|
इस बीच बाढ़ से प्रभावित जिलों का जाएज़ा लेने आज शाम प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पहुंचेंगे| मोदी ने ट्वीट कर बताया कि केरल में बाढ़ की वजह से बने दुर्भाग्यपूर्ण हालत का जाएज़ा लेने के लिए वह आज शाम तक केरल पहुंच जाएंगे| आज उन्होंने केरल के मुख्यमंत्री पिनाराई विजयन से भी फ़ोन पर बात की और कहा कि हमने राज्यभर में बने बाढ़ के हालात पर चर्चा की और बचाव अभियान का जायजा लिया।
बता दें कि 8 अगस्त से लगातार हो रही भारी बारिश के कारण आम जन जीवन बुरी तरह अस्त-व्यस्त हो गया है| इसके अलावा त्रिशूर, कन्नूर और कोझिकोड़ में भूस्खलन होने की खबर है|
मुख्यमंत्री विजयन का कहना है कि बाढ़ से मरने वालो की संख्या 167 हो गई है। केरल के कई जिलों में बाढ़ से स्थिति भयावह हो चुकी है। पथानामथिट्टा जिले के रन्नी में बाढ़ में फंसे 20 लोगों को एयरफोर्स के हेलीकॉप्टर से एयरलिफ्ट कर तिरुवनंतपुरम लाया गया है।

