
देश के पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह को सोमवार को इंदिरा गाँधी शांति पुरूस्कार से नवाज़ा गया| यह पुरस्कार इंदिरा गांधी स्मृति न्यास द्वारा ‘शांति, निरस्त्रीकरण एवं विकास’ के लिए काम करने वाले व्यक्तियों, समूहों एवं संस्थाओं को दिया जाता है।
पूर्व प्रधान न्यायाधीश टी.एस ठाकुर ने मनमोहन सिंह को यह पुरस्कार (2017 के लिए) प्रदान किया| इस मौके पर न्यास की प्रमुख और कांग्रेस की शीर्ष नेता सोनिया गांधी ने मनमोहन सिंह की तारीफ करते हुए कहा कि सिंह ने देश के लिए महत्वपूर्ण योगदान दिया है| उन्होंने कहा, ‘मनमोहन सिंह जिन बुलंदियों पर पहुंचे उसकी बुनियाद इंदिरा गांधी के समय पड़ी थी|’
वहीँ, पूर्व चीफ जस्टिस ठाकुर ने कहा कि मनमोहन सिंह की बड़ी खूबी यह है कि वह लोगों की सुनते हैं और यहां तक अपने विरोधियों की भी सुनते हैं| आगे उन्होंने कहा, ‘मुझे लगता है कि अगर मनमोहन सिंह न्यायाधीश होते तो मुझसे बेहतर न्यायाधीश होते|’
टीएस ठाकुर ने कहा कि सिंह को प्रधानमंत्री के तौर पर चयन एक बेहतरीन फैसला था और यह इस मायने में भी महत्वपूर्ण था कि उस समुदाय का व्यक्ति प्रधानमंत्री बना था जिसकी आबादी भारत में एक फीसदी है|
Related Articles:
- जवाहरलाल नेहरु की 129वीं जयंती आज, देश ने दी श्रद्धांजलि
- नोटबंदी के दो साल: राहुल गाँधी ने नोटबंदी को बताया ‘आपराधिक आर्थिक घोटाला’
भविष्य उसी का होगा जो विविधता को संभाल सकेगा: मनमोहन सिंह
पुरस्कार ग्रहण करने के बाद मनमोहन सिंह ने कहा कि किसी भी समाज को सफल होने के लिए विविधता को अपनाना होगा| उन्होंने कहा कि मौजूदा समय में दुनिया के सामने कई चुनौतियां हैं जिनसे निपटने के लिए वैश्विक जिम्मेदारी की जरूरत है| सहयोग की जरूरत है| पूर्व प्रधानमंत्री ने कहा, हम इतिहास के उस मोड़ पर हैं जहां वैश्विक शासन के सभी संस्थाओं को मजबूत बनाने की सख्त जरूरत है ताकि बहुपक्षवाद को बढ़ावा दिया जा सके और उन वैश्विक चुनौतियों से निपटा जा सके जिसने अंतरराष्ट्रीय व्यवस्था के लिए खतरा पैदा किया है| हमें अतंरराष्ट्रीय की भावना को फिर से जीवित करने में अग्रणी भूमिका निभानी होगी|
पूर्व पीएम दुनिया के कई हिस्सों में तुच्छ राष्ट्रवाद के ताकतवर होने का उल्लेख करते हुए कहा, भविष्य उसी का होगा जो विविधता को संभाल सकेगा और उदार सोच रखेगा| ये भारत की खूबी रही है कि वह विविधता का जश्न मनाता आया है| भारत के संविधान निर्माताओं ने भी विविधता को महत्व दिया|
कुछ लोग काम करते हैं और कुछ लोग श्रेय लेते हैं: सोनिया गाँधी
इस मौके पर कांग्रेस की पूर्व अध्यक्ष और यूपीए चेयरपर्सन सोनिया गांधी ने पीएम नरेंद्र मोदी पर पलटवार किया| उन्होंने पीएम का नाम लिए बिना मनमोहन सिंह की तारीफ करते हुए कहा कि कुछ लोग काम करते हैं और कुछ लोग श्रेय लेते हैं| सोनिया गांधी ने कहा कि डॉ. मनमोहन सिंह का व्यक्तित्व ऐसा है कि लगता है जैसे वे बुद्धिमान ही पैदा हुए थे| एक दशक लंबे अपने प्रधानमंत्री के कार्यकाल में भारत ने सबसे ज्यादा आर्थिक प्रगति दर देखी थी| जब वे पीएम बने थे उस समय यह बिलकुल किनारे पर थी लेकिन कुछ ही महीनों में अपनी नीतियों के दम पर इन्होंने उसे गिरने से संभाल लिया|

