तीन राज्यों में विधानसभा चुनाव जीतने के बाद कांग्रेस में कौन बनेगा मुख्यमंत्री को लेकर घमासान मचा हुआ है| वहीँ, मध्यप्रदेश में अगला मुख्यमंत्री कौन होगा इसका फैसला आ चूका है| मध्यप्रदेश में मुख्यमंत्री पद के लिए कमलनाथ के नाम पर अंतिम मुहर लगा दी है| कांग्रेस विधायक दल की बैठक के बाद इस बात का औपचारिक ऐलान किया गया| चुनाव प्रभारी एके एंटनी ने बताया कि कमलनाथ 17 दिसंबर को मुख्यमंत्री के पद की शपथ लेंगे| कमलनाथ के साथ 20 मंत्री भी शपथ लेंगे|
वहीं राजस्थान और छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्रियों पर फैसला शुक्रवार के लिए टाल दिया है क्योंकि वह इस विषय पर पार्टी नेताओं से और चर्चा करना चाहते हैं| सूत्रों के अनुसार गांधी ने छत्तीसगढ़ के नये मुख्यमंत्री पर फैसला करने के लिए गुरुवार को प्रदेश के पार्टी नेताओं से चर्चा की लेकिन दावेदारों से और चर्चा करने के लिए फैसला शुक्रवार के लिए टाल दिया|
Related Article:विधानसभा चुनाव के नतीजे आज, कांटे की टक्कर जारी!
कांग्रेस अध्यक्ष ने राजस्थान के मुख्यमंत्री पद के दावेदारों अशोक गहलोत और सचिन पायलट के साथ कई बैठकें कीं लेकिन उनके बीच कोई सहमति नहीं बन पाई| पायलट ने इस शीर्ष पद के लिए दावा किया| गांधी के निवास के बाहर पायलट के समर्थकों ने उनके समर्थन में नारे भी लगाए| गांधी ने देर शाम पार्टी के केंद्रीय पर्यवेक्षक मल्लिकार्जुन खड़गे के साथ बैठक की| खड़गे ने कहा कि अंतिम निर्णय पर पहुंचने से पहले कल प्रदेश नेताओं के साथ बैठक होगी|
दरअसल राहुल गांधी आने वाले लोकसभा चुनावों से चार महीने पहले कार्यकर्ताओं को नाराज नहीं करना चाहते हैं| ऐसे में यह उनकी बड़ी परीक्षा है| सूत्रों के मुताबिक अब राजस्थान में अशोक गहलोत छत्तीसगढ़में भूपेश बघेल सीएम पद की दौड़ में सबसे आगे हैं| हालांकि, आधिकारिक तौर पर इस बात की जानकारी नहीं है| सूत्रों ने ये भी जानकारी दी कि राजस्थान में सचिन पायलट को डिप्टी सीएम के पद का ऑफर दिया गया है लेकिन बताया जा रहा है कि सचिन पायलट डिप्टी सीएम का पद लेकर संतुष्ट नहीं हैं|
Related Article:कांग्रेस का कमाल: तीन राज्यों में की मजबूत वापसी, 2019 आम चुनाव की उल्टी गिनती शुरू
कांग्रेस नेताओं के अनुसार राहुल गांधी ने भी इन तीनों राज्यों में मुख्यमंत्रियों के पदों के लिए पार्टी कार्यकर्ताओं की पसंद जानने के लिए मोबाइल संदेश ऐप से सीधे उनसे संपर्क किया था| राजस्थान में मुख्यमंत्री पद की दौड़ में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष सचिन पायलट और पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत आगे हैं| मध्य प्रदेश में कमलनाथ और ज्योतिरादित्य सिंधिया प्रबल दावेदार हैं| वहीं, छत्तीसगढ़ में भूपेश बघेल, टीएस सिंहदेव, चरणदास महंत सीएम पद की रेस में बताए जा रहे हैं|
पांच राज्यों में हुए विधानसभा चुनाव के नतीजों में कांग्रेस ने बीजेपी से राजस्थान, मध्यप्रदेश और छत्तीसगढ़ छीन लिया है| वहीं, मध्यप्रदेश में कांग्रेस बहुमत से महज दो कदम दूर रही कांग्रेस को सपा-बसपा ने समर्थन दे दिया है| कांग्रेस ने यहां 114 सीटें जीती हैं जबकि बीजेपी के पास 108 सीटें हैं| बहुमत का आंकड़ा 116 है| ऐसे में बसपा और सपा का समर्थन मिलने के बाद कांग्रेस का आंकड़ा 117 पहुंच गया है|

