
#मीटू के तहत पूर्व केंद्रीय मंत्री और बीजेपी सांसद एम जे अकबर के खिलाफ एक महिला पत्रकार ने बलात्कार का आरोप लगाया है| एशियन ऐज की पूर्व संपादक पल्लवी गोगोई ने आरोप लगाया कि 23 साल पहले जब वह ‘एशियन ऐज’ में काम करती थीं, तब संपादक रहे एमजे अकबर ने उनका रेप किया था।
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक आरोप लगाने वाली महिला के साथ 1994 में अकबर ने रेप किया था, तब उनकी उम्र 23 साल थी| महिला ने आरोप लगाया कि ‘एशियन ऐज’ में काम करने के दौरान अकबर ने जयपुर के एक होटल में बलात्कार किया था| वॉशिंग्टन पोस्ट में एक लेख के जरिए पीड़िता ने अपनी आपबीती सुनाई है|
वरिष्ठ पत्रकार पल्लवी गोगोई ने वॉशिंगटन पोस्ट में एक लेख कर विस्तार से बताया है कि 1994 में अकबर ने कैसे उनका यौन शोषण किया। वॉशिंगटन पोस्ट ने इस संबंध में एमजे अकबर के वकील संदीप कपूर से संपर्क किया तो उन्होंने जवाब दिया कि मेरे मुवक्किल (अकबर) ने इन आरोपों को झूठा बताया है।
नौकरी से निकालने की धमकी दी थी
पल्लवी गोगोई ने अपने लेख में लिखा है कि जब वह एक ओप-एड पेज तैयार कर अकबर को दिखाने ले गईं तो उन्होंने तारीफ की। इसके बाद अचानक वह उन्हें किस करने के लिए पकड़ने लगे। पल्लवी ने लिखा कि वह अकबर के केबिन से शर्मिंदगी और दर्द की स्थिति में बाहर निकल गईं। वरिष्ठ पत्रकार के आरोपों के मुताबिक यह कोई आखिरी बार नहीं था।
उन्होंने आगे लिखा है कि इस घटना के कुछ महीनों बाद अकबर ने उन्हें एक मैगजीन लॉन्च करने के लिए मुंबई बुलाया। इसके बाद फिर उन्होंने वहां होटल में पल्लवी को किस करने की कोशिश की तब वह उन्हें धक्का देकर रोते हुए बाहर आ गईं। इसके बाद अकबर ने उन्हें नौकरी से निकालने की धमकी भी दी।
Related Articles:
- 6 महिलाओं ने मंत्री म ज अकबर पर लगाए यौन उत्पीड़न के आरोप, कांग्रेस ने कहा पद से इस्तीफा दो|
- #MeToo: केंद्रीय विदेश राज्यमंत्री एम जे अकबर ने प्रिया रमाणी पर दर्ज कराया मानहानि का केस
पल्लवी ने लिखा है कि इन सबके बावजूद उन्होंने काम जारी रखा। इसी कड़ी में आगे उन्होंने बताया है कि ऑफिस के एक असाइनमेंट में उन्हें जयपुर जाना पड़ा। वहां अकबर ने स्टोरी के सिलसिले में उन्हें होटल के अपने कमरे पर बुलाया। पल्लवी लिखती हैं कि उस होटल रूम में उनके साथ रेप हुए। आरोपों के मुताबिक अकबर ने उनके कपड़े फाड़े, रेप किया। पल्लवी ने लिखा कि मैंने लड़ने की कोशिश की लेकिन अकबर शारीरिक रूप से ज्यादा ताकतवर थे। पल्लवी ने बताया है कि वह इस मामले में पुलिस को रिपोर्ट कराने की बजाए शर्मिंदगी से भर उठी थीं। प्रताड़ना का सिलसिला चलता रहा। इसके बाद पल्लवी ने नौकरी छोड़ दी।
मालुम हो पिछले दिनों #मीटू अभियान के तहत एमजे अकबर का नाम सोशल मीडिया में उछला था, तब वह नाइजीरिया में थे| कई महिला पत्रकारों ने आरोप लगाया था कि पत्रकार रहते हुए अकबर ने उनका कथित तौर पर यौन उत्पीड़न किया था| जब पूर्व केंद्रीय मंत्री एमजे अकबर 14 अक्टूबर को भारत लौटे तब उन्होंने कुछ ही घंटों के बाद मीडिया के सम्मुख उक्त आरोपों को झूठा, मनगढ़ंत और बेहद क्षुब्ध कर देने वाला बताया था| उन्होंने कहा था कि वह आरोप लगाने वालों के खिलाफ उचित कानूनी कार्रवाई करेंगे लेकिन दबाव बढ़ने के कारण उन्होंने 17 अक्टूबर को विदेश राज्य मंत्री पद से इस्तीफा दे दिया| साथ ही अकबर ने उनके ऊपर सबसे पहले आरोप लगाने वाली महिला पत्रकार प्रिया रमानी के खिलाफ बीते 15 अक्टूबर को मानहानि का मुकदमा किया था जिसके बाद यह मामला कोर्ट में पहुंच गया है|

