
कांग्रेस सांसद शशि थारूर की पुस्तक ‘नेहरू: द इन्वेंशन ऑफ इंडिया‘ पुनर्विमोचन के अवसर पर कांग्रेस की शीर्ष नेता और यूपीए चेयरपर्सन सोनिया गांधी ने मंगलवार को नरेंद्र मोदी सरकार पर जमकर निशाना साधा| उन्होंने कहा कि मौजूदा समय में सरकार में बैठे लोगों द्वारा पण्डित जवाहर लाल नेहरू की लोकतांत्रिक मूल्यों के सम्मान वाली विरासत को कमतर करने की कोशिश की जा रही है|
आधुनिक भारत के निर्माण में देश के प्रथम प्रधानमंत्री के योगदान को याद करते हुए सोनिया ने यह भी कहा कि नेहरू ने जिन लोकतांत्रिक मूल्यों को आगे बढ़ाया, आज उनको चुनौती दी जा रही है|
कांग्रेस का सरकार पर हमला
शशि थरूर की पुस्तक पुनर्विमोचन के कार्यक्रम में उन्होंने कहा, ‘नेहरूवाद के मुख्य स्तंभों के तौर पर शशि थरूर (कांग्रेस सांसद) ने कुछ मूल्यों का उल्लेख किया है वो मूल्य हैं– लोकतांत्रिक संस्थाओं का निर्माण, भारतीय धर्मनिरपेक्षता, समाजवादी आर्थिक व्यवस्था, गुटनिरपेक्षता की विदेश नीति| ये मूल्य भारतीयता के दृष्टिकोण का अभिन्न हिस्सा हैं और आज इन्हीं मूल्यों को चुनौती दी जा रही है|
कांग्रेस की पूर्व अध्यक्ष ने नेहरू के आर्थिक मॉडल और गुटनिरपेक्षता केंद्रित विदेश नीति को भी याद किया और कहा कि उन्होंने जिन लोकतांत्रिक मूल्यों को आगे बढ़ाया था आज उससे जुड़ी विरासत को कमतर करने का प्रयास हो रहा है| उन्होंने कहा कि हमें अपने लोकतंत्र की सुरक्षा के लिए प्रतिबद्धता के साथ उन लोगों से लड़ना होगा जो (नेहरू की विरासत को) कमतर करने की कोशिश कर रहे हैं| सोनिया ने कहा कि नेहरू ने देश की सभी लोकतांत्रिक संस्थाओं के प्रति सम्मान और उनको मजबूत बनाने की संस्कृति पैदा की जिससे लोकतंत्र मजबूत हुआ|
इस दौरान शशि थरूर ने भी पंडित नेहरु के विचार और देश की आजादी में उनके दिए योगदान को याद किया| उन्होंने कहा कि नेहरू ने हमेशा इस विचार को आगे रखा कि देश किसी व्यक्ति से महत्वपूर्ण है और संस्थाओं का सम्मान होना चाहिए| उन्होंने कहा कि आज अगर देश में लोकतंत्र कायम है तो उसमें देश के पहले प्रधानमंत्री का सबसे अहम योगदान है|
नेहरू की आलोचना करने वालों को आड़े हाथ लेते हुए थरूर ने कहा कि नेहरू ने देश को आईआईटी, आईआईएम, इसरो, डीआरडीओ और कई अहम संस्थान दिए और देश के विकास की मजबूत बुनियाद डाली| लोगों को आजादी के समय के भारत की स्थिति के बारे में जानना चाहिए, उसके बाद उन्हें पता चलेगा कि नेहरू ने भारत को किस तरह से विकास के पथ पर आगे बढ़ाया|
गौरतलब है कि भारतीय जनता पार्टी की सरकार बनने के बाद केंद्र की ओर से कांग्रेस और नेहरु परिवार पर कई तीखे हमले हुए| इसमें नेहरु की नीतियों और उनकी राजनितिक पर मोदी सरकार के नेता–मंत्रियों ने कई आलोचनाए की है जिस पर आज कांग्रेस पार्टी ने खुलकर नरेंद्र मोदी की सरकार पर हमला बोला|

