
1980 बैच के आईएएस सुनील अरोड़ा देश के नए मुख्य चुनाव आयुक्त होंगे। राजस्थान कैडर के आइएएस अधिकारी सुनील के कंधों पर 2019 में होने वाले लोकसभा चुनाव की जिम्मेदारी होगी। इसके अलावा जम्मू एवं कश्मीर, ओडिशा, महाराष्ट्र, हरियाणा, आंध्र प्रदेश, अरुणाचल प्रदेश और सिक्किम के विधानसभा चुनाव भी अगले साल होने हैं|
Related Articles:
- निर्वाचन आयोग ने क्या पांच राज्यों में चुनाव की घोषणा
- छत्तीसगढ़ चुनाव: राहुल ने पूछा अब मोदी नोटबंदी की बात नहीं करते, जारी किया घोषणा-पत्र
दो दिसंबर को करेंगे पदभार ग्रहण
अरोड़ा दो दिसंबर को अपना पदभार ग्रहण करेंगे। वर्तमान मुख्य चुनाव आयुक्त ओपी रावत एक दिसंबर को रिटायर हो रहे हैं। सूत्रों ने बताया कि उनकी नियुक्ति के संबंध में हालांकि औपचारिक अधिसूचना जारी नहीं हुई है, लेकिन केंद्र सरकार द्वारा उनके नाम को मंजूरी दे दी गई है और इसे राष्ट्रपति के पास भेज दिया गया है। 31 अगस्त, 2017 को उनको चुनाव आयुक्त नियुक्त किया गया था।
1980 बैच के आईएएस हैं अरोड़ा
ओपी रावत के बाद वह दूसरे सबसे वरिष्ठ चुनाव आयुक्त हैं। 1980 बैच के आइएएस अधिकारी अरोड़ा सूचना-प्रसारण सचिव और कौशल विकास एवं उद्यमिता सचिव के तौर पर काम कर चुके हैं। उन्होंने वित्त और कपड़ा मंत्रालय और योजना आयोग में भी काम किया है। वर्ष 1999-2002 के दौरान वह नागरिक उड्डयन मंत्रालय में भी रहे। पांच वर्षो तक वह इंडियन एयरलाइंस में सीएमडी की भूमिका निभा चुके हैं। इसमें से दो वर्ष अतिरिक्त प्रभार और तीन वर्ष पूर्ण प्रभार रहा।राजस्थान में वह धौलपुर, अलवर और जोधपुर आदि जिलों में पदस्थापित रहे। वर्ष 1993-1998 के दौरान वह मुख्यमंत्री के सचिव और 2005-2008 के बीच मुख्यमंत्री के प्रमुख सचिव रहे।
वसुंधरा के भरोसेमंद अधिकारी
अरोड़ा 30 अप्रैल 2016 को सेवानिवृत्त हुए थे। सेवानिवृत्ति के बाद उन्हें इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ कॉरपोरेट अफेयर्स का महानिदेशक और मुख्य कार्यकारी अधिकारी नियुक्त किया गया था। बतौर चुनाव आयुक्त अरोड़ा की नियुक्ति 31 अगस्त 2017 को हुई थी। वे 1993 से 1998 तक राजस्थान के मुख्यमंत्री के सचिव और 2005 से 2008 तक मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव भी रहे। माना जाता है कि सुनील अरोड़ा राजस्थान की मौजूदा मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे के भरोसेमंद हैं। वो साल 2005 से 2009 के बीच राजे की मुख्य सचिव भी रह चुके हैं। 1999-2002 के दौरान वह नागरिक विमानन मंत्रालय में संयुक्त सचिव की भी जिम्मेदारी संभाल चुके हैं।

