
कुपोषण से लड़ने और रोजगार पैदा करने के उद्देश्य से त्रिपुरा के मुख्यमंत्री बिप्लव कुमार देब ने 5 हजार परिवारों को 10,000 गाय बांटने की घोषणा की है| उन्होंने कहा कि हम 5000 परिवारों के रोजगार के लिए यह योजना शुरू करने जा रहे हैं| जिसके बाद छह महीने में उनकी कमाई शुरू हो जाएगी| उन्होंने कहा कि इससे गरीबी और कुपोषण से भी लड़ने में मदद मिलेगी|
आगे उन्होंने कहा, ‘मैं बड़े उद्योग स्थापित करने के खिलाफ नहीं हूं| लेकिन 2000 लोगों को रोजगार देने के लिए 10,000 करोड़ रूपए निवेश करना ही पड़ेगा| लेकिन अगर मैं 5000 परिवारों को 10,000 गाय दूंगा तो वे छह महीने में कमाई शुरू कर देंगे|’ यह देश में पहली बार है जब लोगों को रोजगार देने के लिए ऐसी योजना चलाई जा रही है|
लोगों को गौ-पालन की प्रेरणा मिलेगी
रोजगार पैदा करने और कुपोषण को ख़त्म करने के लिए शुरू की जा रही इस योजना के तहत मुख्यमंत्री बिप्लव कुमार देब ने कहा कि इस कदम से राज्य के लोगों को भी गौ-पालन की प्रेरणा मिलेगी| गायों के पालन से रोजगार का संकट कैसे दूर हो सकता है इसके लिए त्रिपुरा के मुख्यमंत्री बिप्लब कुमार देब ने एक उदाहरण भी दिया| अगर हम पांच हजार परिवारों को दस हजार गाय बांट दें तो हर परिवार छह महीने के भीतर ही कमाने लगेगा| मुख्यमंत्री बिप्लब कुमार देब ने कहा कि वह जल्द ही गायों के वितरण से जुड़ी इस योजना को लांच करेंगे|
Related Articles:
सीएम बिप्लव के बयान जो चर्चा में रहे
महाभारत काल में इंटरनेट और सैटेलाइट का दावा
मुख्यमंत्री बिप्लब कुमार देब अपने बयानों को लेकर पहले भी चर्चा में रहें है| उन्होंने सबसे पहले महाभारत काल में इंटरनेट और सैटेलाइट होने का दावा किया था जिसके बाद वे सुर्खियों में आ गए थे| बीते 18 अप्रैल को उन्होंने राजधानी अगरतला में आयोजित कार्यक्रम में कहा था कि देश में महाभारत युग में भी तकनीकी सुविधाएं उपलब्ध थीं जिनमें इंटरनेट और सैटेलाइट भी शामिल थे| उन्होंने कहा था कि यह सब मेरे देश में पहली बार नहीं हो रहा है| यह वह देश है जिसमें महाभारत के दौरान संजय ने हस्तिनापुर में बैठकर धृतराष्ट्र को बताया था कि कुरुक्षेत्र के मैदान में युद्ध में क्या हो रहा है| संजय इतनी दूर रहकर आंख से कैसे देख सकते हैं| इसका मतलब है कि उस समय भी तकनीक, इंटरनेट और सैटेलाइट था|
मिस यूनिवर्स डायना हेडन इंडियन ब्यूटी नहीं है
महाभारत युग में इंटरनेट वाले बयान के बाद बिप्लब देब ने मिस वर्ल्ड डायना हेडन को लेकर विवादित बयान दे डाला| उन्होंने बीते 27 अप्रैल को कहा कि डायना हेडन इंडियन ब्यूटी नहीं हैं| डायना हेडन की जीत फिक्स थी| उन्होंने कहा कि डायना हेडन भारतीय महिलाओं की सुंदरता की नुमाइंदगी नहीं करतीं, ऐश्वर्या राय करती हैं| हालांकि बाद में उन्होंने अपने बयान पर खेद भी जताया|

