
पूर्व केंद्रीय मंत्री एमजे अकबर के बाद अब उतराखंड के वरिष्ठ बीजेपी लीडर पर यौन उत्पीड़न का आरोप लगा है| उत्तराखंड में महिला भाजपा कार्यकर्ता ने प्रदेश संगठन के महामंत्री संजय कुमार पर आरोप लगाया है कि छह माह पहले उन्होंने ने कथित तौर पर उनका यौन उत्पीड़न किया|
महिला कार्यकर्ता ने राज्य महासचिव पर अनावश्यक रूप से फोन करने, अश्लील चैटिंग और अनुचित हरकतों के आरोप लगाए हैं| एक मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक जब महिला कार्यकर्ता की शिकायत पर पार्टी ने ध्यान नहीं दिया तो उसने ऑडियो रिकॉर्डिंग कर ली| मगर पार्टी की ही महिला मोर्चा की एक कार्यकर्ता ने उसे घर बुलाकर मोबाइल छीन लिया और चुप रहने की धमकी दी|
महिला कार्यकर्ता के यौन उत्पीड़न में फंसे उत्तराखंड इकाई के महासचिव संजय कुमार को पार्टी ने पद से हटाने का फैसला लिया है| हालांकि पार्टी की ओर से आरोपी नेता को पद से हटाने को लेकर अभी आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है|
प्रदेश भाजपा अध्यक्ष अजय भट्ट ने समाचार एजेंसी ‘भाषा’ से कहा कि पार्टी नेतृत्व ने पूरे मामले का संज्ञान लिया और तय प्रक्रिया के मुताबिक उचित कार्रवाई की जाएगी|
संजय कुमार के खिलाफ लगे आरोपों के बारे में पूछे जाने पर प्रदेश इकाई के मीडिया प्रकोष्ठ प्रमुख देवेंद्र भसीन ने पत्रकारों को बताया कि पार्टी को आरोपों के बारे में पता है और उन पर विचार किया जा रहा है| पार्टी नेताओं ने कहा कि उत्पीड़न छह महीने पहले हुआ लेकिन कोई औपचारिक शिकायत दर्ज नहीं कराई गई| भट्ट ने कहा कि मुझे घटना के बारे में जो कुछ पता चला है वह अखबारों से ही पता चला है| चूंकि मामला एक महासचिव से जुड़ा है इसलिए नेतृत्व का विचार जानने तक मेरे लिए इस पर टिप्पणी करना उचित नहीं होगा|
Related Articles:
- #मीटू: भूतपूर्व एडिटर पल्लवी गोगोई ने एमजे अकबर पर लगाया बलात्कार का आरोप
- #MeToo: केंद्रीय विदेश राज्यमंत्री एम जे अकबर ने प्रिया रमाणी पर दर्ज कराया मानहानि का केस
भाजपा असल चरित्र सामने आ रहा: कांग्रेस
कांग्रेस ने रविवार को भाजपा पर आरोप जडे़। उत्तराखंड प्रदेश के कांग्रेस अध्यक्ष प्रीतम सिंह ने कहा कि भाजपा का असली चरित्र इस प्रकरण से सामने आ गया है। इस मामले की जांच सिटिंग जज से कराई जानी चाहिए। इसके साथ ही मामले में एफआईआर दर्ज करते हुए पदाधिकारी की गिरफ्तारी होनी चाहिए।
कांग्रेस भवन में आयोजित प्रेस कान्फ्रेंस में प्रदेश अध्यक्ष प्रीतम सिंह ने कहा कि जिस तरह से भाजपा का मीटू प्रकरण मीडिया में आया है जो शर्मसार कर देने वाला है। मीडिया ने भाजपा के चेहरे से नकाब उठाने का काम किया है। उन्होंने कहा कि अभी ज्यादा दिन नहीं हुए जब पश्चिम बंगाल में पार्टी के राष्ट्रीय नेता के खिलाफ यौन उत्पीड़न का मामला सामने आया था। वहीँ, केंद्रीय राज्यमंत्री रहे एमजे अकबर की कहानी सारी दुनिया को पता चल चुकी है। अब उत्तराखंड में वरिष्ठ पदाधिकारी की जो करतूत सामने आई है वह भाजपा को आईना दिखाने वाली है। उन्होंने कहा कि भाजपा के महानगर अध्यक्ष विनय गोयल की पीड़िता से जिस तरह की बातचीत हुई है उससे साफ है कि भाजपा में महिलाओं की क्या स्थिति है।

